पटना : बिहार में किसानों से धान की सरकारी खरीद 1 नवंबर से शुरू होगी। राज्य सरकार ने खरीद को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सहकारिता विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों, पैक्स और व्यापार मंडलों को जरूरी व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
इस बार सामान्य धान की सरकारी खरीद 2441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। पिछले साल के मुकाबले इसमें 72 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, ए-ग्रेड धान की खरीद 2461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। पिछले साल ए-ग्रेड धान का रेट 2389 रुपये प्रति क्विंटल था।
31 मार्च तक होगी खरीद
सरकारी निर्देश के अनुसार, बिहार में धान की खरीद 1 नवंबर से शुरू होकर 31 मार्च तक चलेगी। खरीद केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में जूट के बोरे और धान रखने के लिए सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था करने को कहा गया है।
धान बेचने के लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। जिन किसानों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उनसे जल्द पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
इस बार 35 लाख टन खरीद का लक्ष्य
पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार ने बिहार के लिए 36.85 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य रखा था। इसके मुकाबले राज्य में 36.79 लाख टन धान की खरीद हुई थी।
इस वर्ष केंद्र सरकार ने बिहार के लिए 35 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य तय किया है। हालांकि, राज्य सरकार ने इसे बढ़ाकर 50 लाख टन करने की मांग की है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने किसानों के हित में खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की मांग की है।
सरकार का कहना है कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से की जा रही हैं।



