चैनपुर (गुमला)। आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, प्रखंड चैनपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को लूथरन बगीचा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष सुशांति देवी ने की। इस दौरान आंगनबाड़ी कर्मियों की विभिन्न समस्याओं, लंबित मांगों और संगठन की आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष सुशांति देवी ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संघ द्वारा 23 जून 2026 को धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाना था। लेकिन निर्वाचन विभाग की ओर से 22 एवं 23 जून को सभी प्रखंडों में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसे ध्यान में रखते हुए संघ ने देशहित और अपने कर्तव्य को प्राथमिकता दी है। इसी कारण धरना-प्रदर्शन की निर्धारित तिथि में बदलाव करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अब 24 जून 2026 को जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन करेगा। इस दौरान सरकार और प्रशासन के समक्ष आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से रखा जाएगा। बैठक में मौजूद सेविकाओं और सहायिकाओं ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर सभी कर्मी एकजुट हैं और 24 जून को होने वाले धरना-प्रदर्शन में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। बैठक में चैनपुर प्रखंड क्षेत्र की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं। अंत में संगठन की मजबूती और आगामी आंदोलन की सफलता को लेकर सामूहिक रूप से रणनीति तैयार की गई।

Share.
Exit mobile version