Kudu (Lohardaga): भारतीय जनता पार्टी कुड़ू मंडल की मासिक बैठक शुक्रवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरहनिया में मंडल अध्यक्ष कृष्णा मोदी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मंडल प्रभारी जगनंदन पौराणिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बूथ एवं शक्ति केंद्र सशक्तीकरण अभियान, संत रविदास कलश वंदन यात्रा, एसएआर कार्यक्रम तथा आगामी तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। मंडल अध्यक्ष कृष्णा मोदी ने कहा कि भाजपा की मजबूती का आधार बूथ स्तर का संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर सक्रियता बढ़ाने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर आम जनता को उनसे जोड़ने का आह्वान किया। मंडल प्रभारी जगनंदन पौराणिक ने कार्यकर्ताओं से आगामी सभी कार्यक्रमों को अनुशासित, संगठित एवं जनसहभागिता के साथ सफल बनाने का आह्वान करते हुए संगठन की नीतियों और विचारधारा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया। बैठक में नवीन कुमार टिंकू, युवा मोर्चा अध्यक्ष सरजू कुमार साहू, राजू कुमार रजक, राजेश प्रसाद, पंकज कुमार भारती, रामखेलावन राम, प्रकाश सिंह, विनय कुमार, संजय चौधरी सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




