चैनपुर (गुमला): चैनपुर प्रखंड मुख्यालय के मांझाडीप के समीप सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बैल चैनपुर एमएलए रोड निवासी किसान रेणु रौतिया (पिता- बंधनु रौतिया) का था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसान का बैल मांझाडीप के पास खेत में चर रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। वज्रपात की चपेट में आने से बैल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे से गरीब किसान परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। खेती के सीजन में बैल ही उनके लिए खेती-बाड़ी का प्रमुख साधन था, ऐसे में उसकी मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित किसान के पुत्र संतोष रौतिया ने चैनपुर मुखिया शोभा देवी से संपर्क कर पूरी घटना से अवगत कराया तथा सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजे की मांग की। मुखिया शोभा देवी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और संबंधित अधिकारियों से बात कर आपदा राहत कोष के तहत नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि किसान को हुए आर्थिक नुकसान की कुछ भरपाई हो सके।
खेती के सीजन में किसान को बड़ा झटका, बिजली गिरने से बैल की मौत
मुखिया शोभा देवी ने आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया




