फॉण्ट कनवर्टर NEW

भागलपुर: सुल्तानगंज में नहाने गए 6 बच्चों की डूबने से मौ’त, इलाके में पसरा मातम

भागलपुर के सुल्तानगंज में कर्मा-धर्मा पूजा पर स्नान करने गए 6 बच्चों की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक विष्णु टोला के निवासी थे और उनकी उम्र करीब 12 वर्ष थी।

अपनी भाषा में पढ़ें

Bhagalpur: भागलपुर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 27 स्थित विष्णु टोला के पास कर्मा-धर्मा पूजा के अवसर पर स्नान करने गए छह बच्चों की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा तरैटा नारायणपुर वहियार में उस समय हुआ, जब सभी बच्चे पानी में नहाते हुए गहरे हिस्से में चले गए। एक साथ छह बच्चों की मौत से पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है और परिजनों में चीख-पुकार मची है।

कर्मा-धर्मा पूजा के स्नान के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक, इलाके में पिछले कुछ दिनों से बाढ़ का पानी फैला हुआ था। कर्मा-धर्मा पूजा के चलते करीब 12 वर्ष की उम्र के छह बच्चे पास के जलभराव वाले क्षेत्र में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय बच्चों को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और वे एक के बाद एक गहरे पानी में समाते चले गए। बच्चों के चीखने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक बच्चे पानी के भीतर लापता हो चुके थे।

स्थानीय लोगों ने बाहर निकाले शव, मृतकों की पहचान हुई

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने पानी में उतरकर खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की सांसें थम चुकी थीं। मृतकों की पहचान पूजा, ज्योति, मिंकी, राहुल, आयुष और विकास के रूप में हुई है। सभी बच्चे सुल्तानगंज नगर परिषद के वार्ड नंबर 27 स्थित विष्णु टोला के ही रहने वाले थे। एक ही बस्ती के छह बच्चों की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।

जलभराव वाले इलाकों में सुरक्षा और निगरानी की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में बाढ़ का पानी भरा होने के कारण लगातार खतरा बना हुआ था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक और गहरे जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था की जाए और लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की पड़ताल में जुटा है और हालात पर नजर बनाए हुए है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram