Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बारादरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की तेजाब पीने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी गौसिया और मकान मालिक सलीम पर मिलकर जबरन तेजाब पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
तेजाब पीने के बाद अस्पताल में मौत
घटना जोगी नवादा (चक मेहमूद) की बताई गई है। मृतक की पहचान इसराइल के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 13 साल पहले गौसिया से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के शुरुआती वर्षों में दोनों का वैवाहिक जीवन ठीक रहा। बाद में पारिवारिक विवाद के चलते दोनों अलग हो गए और इसराइल अपनी पत्नी के साथ अलग किराए के मकान में रहने लगा।
पत्नी के संबंध को लेकर था विवाद
परिजनों का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले इसराइल को अपनी पत्नी गौसिया के मकान मालिक सलीम के साथ संबंध होने की जानकारी मिली थी। परिवार के अनुसार, एक दिन इसराइल ने पत्नी और मकान मालिक को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद वह काफी परेशान हो गया था और उसने आत्महत्या करने की कोशिश भी की थी। हालांकि, परिवार के लोगों ने उसे समझा-बुझाकर बचा लिया था।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
परिवार का आरोप है कि इस घटना के बाद गौसिया ने सलीम के साथ मिलकर इसराइल को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसे जबरन तेजाब पिला दिया। तेजाब पीने के बाद इसराइल की हालत गंभीर हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल से एक मेमो प्राप्त हुआ था, जिसमें तेजाब पीने से इसराइल की मौत होने की जानकारी दी गई थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पत्नी गौसिया और उसके प्रेमी बताए जा रहे सलीम की तलाश कर रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




