धनबाद: पांच दिन का बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने समेत कई मांगों को लेकर शुक्रवार को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर हुई हड़ताल का असर धनबाद की बैंक शाखाओं में साफ नजर आया। जिले में 200 से अधिक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा।
हीरापुर, बैंक मोड़, सरायढेला, पुलिस लाइन और मटकुरिया समेत कई जगहों पर बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें जल्द पूरी करने की मांग की।
250 से 300 करोड़ के कारोबार पर असर
बैंक कर्मचारियों के अनुसार, हड़ताल के कारण धनबाद जिले में करीब 250 से 300 करोड़ रुपये का बैंकिंग कारोबार प्रभावित हुआ। एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक, केनरा बैंक, यूनियन बैंक, सेंट्रल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत कई सरकारी बैंकों की शाखाओं में कामकाज नहीं हुआ।
दो साल से लंबित है पांच दिवसीय कार्य सप्ताह
बैंक यूनियन नेताओं ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह को लेकर करीब दो साल पहले सहमति बनी थी, लेकिन अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें सिर्फ मामला विचाराधीन होने की जानकारी दी जा रही है।
यूनियन नेताओं ने एलआईसी की तरह बैंकों में भी पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने की मांग की। इसके साथ ही परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) की विसंगतियों को दूर करने की भी मांग की गई।
आगे बड़े आंदोलन की चेतावनी
बैंक कर्मचारियों ने कहा कि अगर सरकार और बैंक प्रबंधन ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने पहले तीन दिन की हड़ताल और जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
डिजिटल बैंकिंग से मिली राहत
हड़ताल के बावजूद एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं चलती रहीं। इससे ग्राहक डिजिटल माध्यम से जरूरी लेनदेन कर सके। हालांकि, शाखाओं में सेवाएं बंद रहने के कारण नकद निकासी, जमा और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए ग्राहकों को परेशानी हुई।




