Bangkok, Thailand: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हो गए। घायलों में 22 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया।
Read more: थाईलैंड का सख्त शराब नियम लागू, तीन घंटे की पाबंदी से कारोबारियों में चिंता
यह हादसा चाटुचाक जिले स्थित रॉन्ग बीयर ना लाट प्राओ बार में रात करीब 11:57 बजे हुआ। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, तब तक आग और धुएं ने भारी तबाही मचा दी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा साझा किए गए वीडियो में पब के मुख्य प्रवेश द्वार से आग की ऊंची लपटें और घना काला धुआं उठता दिखाई दिया। अंदर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि आग लगने के समय मंच पर प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार से बातचीत में पता चला कि आग सबसे पहले आउट स्विच के पास लगी थी। इसके बाद तेजी से धमाके होने लगे और कुछ ही मिनटों में पूरा पब धुएं और आग की चपेट में आ गया।
प्रधानमंत्री ने बताया कि कई लोग मुख्य रास्ते से बाहर नहीं निकल सके। कुछ लोग धुएं और आग से बचने के लिए इमारत के पीछे बने टॉयलेट में छिप गए थे, लेकिन वहीं उनकी मौत हो गई। राहतकर्मियों को सबसे अधिक शव टॉयलेट क्षेत्र से मिले। आग बुझने के बाद पब के बाहर बड़ी संख्या में बॉडी बैग रखे गए। अंदर का पूरा फर्नीचर, दीवारें और छत बुरी तरह जल चुकी थीं। कई हिस्से ढह भी गए थे। अधिकारियों के अनुसार, अभी भी कुछ लोगों के लापता होने की सूचना है और उनकी तलाश जारी है।
Read more: थाईलैंड में कॉल लीक से बवाल, PM शिनावात्रा को लेकर मचा देशव्यापी विरोध!
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पब में दो इमरजेंसी एग्जिट मौजूद थे, जिनमें से एक रसोई क्षेत्र से होकर गुजरता था। अब यह जांच की जा रही है कि क्या आपातकालीन निकास मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और उपयोग योग्य थे। साथ ही पब के लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जाएगी। एक प्रत्यक्षदर्शी टैक्सी चालक ने बताया कि आग की लपटें मुख्य दरवाजे तक पहुंच गई थीं। उन्होंने मौके पर मौजूद करीब पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने में मदद की। इस भीषण हादसे के बाद बैंकॉक में सार्वजनिक स्थलों, खासकर पब और मनोरंजन केंद्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।




