Nawada: जिले के कौआकोल बाजार स्थित कोऑपरेटिव बैंक के समीप रविवार को गैस सिलेंडर से जुड़े चूल्हे में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने रसोईघर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा फ्रीज समेत अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात सामने आ रही है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा भोला साव के घर में हुआ। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे परिवार के लोग घबरा गए। आग बुझाने के प्रयास के दौरान भोला साव के पुत्र जितेंद्र कुमार आंशिक रूप से झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त कोशिशों के बाद काफी मशक्कत से आग पर नियंत्रण पाया गया।

स्थानीय समाजसेवी आयुष कुमार ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के कई मकान इसकी चपेट में आ सकते थे, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया। फिलहाल घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Share.
Exit mobile version