रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रांची में ऑस्ट्रेलिया के कंसुल-जनरल बर्नार्ड लिंच ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा, खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग, खेल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया।
दोनों पक्षों ने झारखंड के युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और बेहतर कौशल से जोड़ने पर चर्चा की। इसके अलावा खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक और सतत उपयोग में तकनीकी सहयोग बढ़ाने की बात भी हुई।
खेल के क्षेत्र में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। साथ ही झारखंड के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया।
बैठक में उम्मीद जताई गई कि इस मुलाकात से झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार, शिक्षा और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।




