Nisshin, Japan: Asian Games 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का विजयी अभियान पूरे दमखम के साथ जारी है। शुक्रवार को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारत ने उम्मीद के मुताबिक जापान को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से रौंदकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का कप्तान हरमनप्रीत कौर का फैसला गेंदबाजों ने बिल्कुल सही साबित किया और पूरे जापानी बल्लेबाजी क्रम को 19.5 ओवर में महज 57 रन पर ढेर कर दिया।
श्री चरणी की फिरकी में फंसा जापान
जापान की ओर से केवल सलामी बल्लेबाज हारुना इवासाकी (10 रन) और अयाका काटो स्टेफॉर्ड (25 रन) ही थोड़ा संघर्ष कर सकीं। इन दोनों के अलावा जापान की कोई भी अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सकी। भारत की ओर से स्पिनर श्री चरणी ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए अपने 4 ओवर के कोटे में मात्र 10 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। वहीं शेफाली वर्मा ने 2 विकेट अपने नाम किए, जबकि श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को 1-1 सफलता मिली।
30 गेंदों में मैच खत्म, शेफाली का आक्रामक खेल
जीत के लिए मिले 58 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और मात्र 5 ओवर (30 गेंदों) में 2 विकेट खोकर 59 रन बना लिए। ओपनर शेफाली वर्मा ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए केवल 15 गेंदों पर 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से नाबाद 40 रन ठोक डाले। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 6 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाए। हालांकि, जी कामालिनी (शून्य) और भारती फूलमाली (6 रन) सस्ते में पवेलियन लौट गईं।
20 सितंबर को बांग्लादेश से सेमीफाइनल टक्कर
इस धमाकेदार जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है, जहां 20 सितंबर को उसका मुकाबला बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश ने चीन के खिलाफ मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ने के बाद बेहतर आईसीसी रैंकिंग के आधार पर अंतिम चार में जगह बनाई है।
गौरतलब है कि इससे पहले एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भी दुबई में भारत और बांग्लादेश का आमना-सामना हुआ था, जहां भारतीय टीम ने बांग्लादेश को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया था और बाद में श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था। भारतीय टीम इसी आत्मविश्वास के साथ अब फाइनल में पहुंचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।



