Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि अपराध नियंत्रण, नशे के अवैध कारोबार पर रोक और नक्सल विरोधी अभियान में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
बैठक में एसपी अमित रेणु ने अफीम, पोस्तो, डोडा तथा अवैध देसी शराब के कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए लगातार छापेमारी की जाए तथा इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और सूचना तंत्र को सक्रिय रखने का निर्देश दिया।
एसपी ने सारंडा और अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को और तेज करने तथा सर्च ऑपरेशन में निरंतरता बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को मजबूत कर नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा कायम रह सके।
क्राइम मीटिंग के दौरान लंबित मामलों के निष्पादन की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुराने मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र चार्जशीट दाखिल की जाए तथा न्यायालय से संबंधित लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया।
बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान एसपी अमित रेणु ने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।



