Patna: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), पटना में नौकरी की तलाश कर रहे मेडिकल प्रोफेशनल्स के लिए बेहतरीन अवसर सामने आया है। एम्स-पटना ने अपने विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी और क्लिनिकल विभागों में सीनियर रेजिडेंट (एडहॉक) के कुल 68 रिक्त पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इन पदों में सामान्य वर्ग (UR) के 16, ईडब्ल्यूएस (EWS) के 12, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 14, अनुसूचित जाति (SC) के 17 और अनुसूचित जनजाति (ST) के 9 पद आरक्षित किए गए हैं।
विभागवार रिक्तियों का पूरा विवरण
एम्स-पटना द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, कुल 16 विभागों में सीनियर रेजिडेंट्स की नियुक्ति की जाएगी। इसमें एनेस्थिसियोलॉजी (पेन मेडिसिन व क्रिटिकल केयर) में सर्वाधिक 13 पद शामिल हैं। इसके अलावा जनरल मेडिसिन में 7, जनरल सर्जरी में 7, ऑर्थोपेडिक्स में 7, पीडियाट्रिक्स में 4, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी में 4, एनाटॉमी में 3, डर्मेटोलॉजी में 3, फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी (FMT) में 3, ऑप्थल्मोलॉजी में 3, ऑब्सटेट्रिक्स और गाइनेकोलॉजी में 3 तथा पैथोलॉजी में 3 पद हैं। वहीं कम्युनिटी एवं फैमिली मेडिसिन, फार्माकोलॉजी, रेडियोडायग्नोसिस और ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन व ब्लड बैंक विभाग में 2-2 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
वेतनमान, शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
सीनियर रेजिडेंट के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 67,700 रुपये प्रतिमाह का प्रारंभिक मूल वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त संस्थान के नियमानुसार अन्य भत्ते और वित्तीय लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
शैक्षणिक योग्यता के तहत अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में एमडी (MD), एमएस (MS) या डीएनबी (DNB) की डिग्री होनी अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी का नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) या किसी भी राज्य की मेडिकल काउंसिल में पंजीकृत होना जरूरी है। आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 31 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वॉक-इन इंटरव्यू की तिथियां और प्रक्रिया
इन पदों पर अभ्यर्थियों का अंतिम चयन केवल वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के आधार पर होगा। इंटरव्यू आगामी 5, 12, 19 और 26 सितंबर को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ‘समिति कक्ष, प्रशासनिक भवन, एम्स पटना’ में आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय से पूर्व साक्षात्कार स्थल पर पहुंचें और अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्रों व उनकी स्व-हस्ताक्षरित फोटोकॉपी के साथ उपस्थित हों।




