रांची: झारखंड के प्लस टू उच्च विद्यालयों में अब आधुनिक और रोजगार से जुड़े विषयों की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एंड कोडिंग, साइबर सिक्योरिटी एंड डेटा साइंस, कंप्यूटर साइंस और अप्लाइड इंग्लिश जैसे विषय शामिल हैं।
इन विषयों का सिलेबस तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने JCERT को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिए पाठ्यक्रम तैयार करने की जिम्मेदारी दी है। विभाग की योजना शैक्षणिक सत्र 2027-28 से इन विषयों की पढ़ाई शुरू करने की है।
NCERT और CBSE के आधार पर बनेगा सिलेबस
नए विषयों का पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए विशेषज्ञों की कमेटी बनाई जाएगी। इसमें विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की भी मदद ली जाएगी। सिलेबस तैयार करते समय NCERT के दिशा-निर्देश और CBSE के पाठ्यक्रम को आधार बनाया जाएगा। इसके लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी।
नए शिक्षकों की होगी नियुक्ति
इन विषयों को पढ़ाने के लिए प्लस टू स्कूलों में नए पद भी बनाए गए हैं। माध्यमिक आचार्य के पदों पर नियुक्ति के लिए JSSC की अनुशंसा विभाग को मिल चुकी है। फिलहाल अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
पहले चिन्हित स्कूलों में होगी पढ़ाई
शुरुआत में इन विषयों की पढ़ाई राज्य के सभी प्लस टू स्कूलों में नहीं होगी। पहले चरण में चिन्हित प्लस टू उच्च विद्यालयों में AI, डेटा साइंस, कंप्यूटर साइंस और अप्लाइड इंग्लिश की पढ़ाई शुरू की जाएगी।




