चैनपुर (गुमला)। चैनपुर थाना क्षेत्र के बसाये टोली गांव में शनिवार को पारिवारिक विवाद से जुड़ी एक दुखद घटना सामने आई। पत्नी से पिछले आठ वर्षों से अलग रह रहे 45 वर्षीय रविंद्र रौतिया की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ दोबारा रहने की कोशिश नाकाम होने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। मिली जानकारी के अनुसार, रविंद्र रौतिया पिछले आठ वर्षों से अपनी पत्नी से अलग रह रहे थे। शनिवार को उन्होंने आपसी विवाद को सुलझाने और दोबारा साथ रहने की उम्मीद से गांव में ग्रामीण बैठक बुलाई थी। बैठक में उन्होंने पत्नी के साथ फिर से गृहस्थ जीवन शुरू करने की इच्छा जताई, लेकिन पत्नी ने उनके साथ रहने से इनकार कर दिया। बताया जाता है कि बैठक में समझौता नहीं हो पाने के बाद रविंद्र काफी तनाव में आ गए। इसी बीच शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने गांव के ही देवंतु रौतिया के कुएं में छलांग लगा दी। कुएं में डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के साथ आगे की जांच में जुटी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बसाये टोली गांव में शोक का माहौल है।






