रांची: राजधानी रांची में पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने सख्त कदम उठाए हैं। मंगलवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने शहर के 54 पार्किंग स्थलों की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और संवेदकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संवेदकों को 10 दिनों का समय दिया। तय समय में राशि जमा नहीं करने पर पार्किंग की बंदोबस्ती रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
कई पार्किंग संवेदकों ने जमा नहीं की बकाया राशि
बैठक में कांके रोड स्थित एजॉर्ट और पैंटालूंस, जयपाल सिंह स्टेडियम, विशाल मेगा मार्ट, रोशपा टावर, मधुकम और गैलेक्सियां मॉल के पास संचालित पार्किंग स्थलों की बकाया राशि का मामला सामने आया।
अपर नगर आयुक्त ने संबंधित संवेदकों को जल्द बकाया भुगतान करने और नगर निगम के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
चार पार्किंग स्थलों का किया निरीक्षण
बैठक के बाद संजय कुमार ने मेन रोड स्थित डेली मार्केट टैक्सी स्टैंड, चर्च कॉम्प्लेक्स, रोशपा टावर और जयपाल सिंह स्टेडियम के बाहर पार्किंग स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने शुल्क वसूली, पार्किंग टिकट और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने सभी पार्किंग स्थलों पर शुल्क की जानकारी वाला बोर्ड लगाने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को निर्धारित दरों की जानकारी मिल सके।
10 मिनट की पार्किंग मुफ्त, छुट्टी के दिन आधा शुल्क
नगर निगम के अनुसार, दोपहिया वाहन पार्क करने के लिए तीन घंटे का शुल्क 10 रुपये और चारपहिया वाहन के लिए 30 रुपये निर्धारित है। वहीं, 10 मिनट तक वाहन खड़ा करने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।
शनिवार, रविवार और राष्ट्रीय अवकाश के दिन पार्किंग शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
नियम तोड़ने वाले संवेदकों पर होगी कार्रवाई
अपर नगर आयुक्त ने साफ कहा कि निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे वसूलने, गलत पर्ची देने या अवैध वसूली करने वाले संवेदकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को पार्किंग स्थलों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदकों को लोगों के साथ शालीन व्यवहार करने और पार्किंग स्थलों पर जरूरी सूचना बोर्ड लगाने को कहा।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाना और आम लोगों को परेशानी से बचाना उसकी प्राथमिकता है।




