रामगढ़: सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में भारी वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने के लिए जिला परिवहन विभाग ने शनिवार रात विशेष जांच अभियान चलाया। यह कार्रवाई उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर की गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का के नेतृत्व में टीम ने एनएच-33 के चुट्टूपालू घाटी, पटेल चौक, कुज्जू समेत कई स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान सड़क किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े भारी वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई।
अभियान के दौरान कुल 29 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 12 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई और कुल 2 लाख 42 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जांच के दौरान वाहनों के रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और चालकों के लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क किनारे, खासकर रात में नो-पार्किंग जोन में भारी वाहनों के खड़े रहने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों से सड़क पर अवैध पार्किंग नहीं करने की अपील की।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी।




