बोकारो। चास (मु0) थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार 12 जून 2026 को एक व्यक्ति ने चास (मु0) थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को देवानंद कुमार बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है।
शिकायत के आधार पर चास (मु0) थाना कांड संख्या 60/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को आरोपी देवानंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी बिहार के गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित लच्छीखरेया गांव का निवासी है।
पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मामले की पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। उसके बयान एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। इस कार्रवाई में चास (मु0) थाना प्रभारी प्रकाश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन तथा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
