कोडरमा। सतगावां थाना क्षेत्र के टेहरो पंचायत अंतर्गत ग्राम मटुकडीह सीता अहरी में रविवार को एक कुएं में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कुएं में शव होने की खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।

चार दिन से लापता था युवक

जानकारी के अनुसार, बरियारडीह निवासी शंकर सिंह के 29 वर्षीय पुत्र नितीश कुमार के चार दिन पूर्व लापता होने की सूचना सामने आई थी।

कुएं से बरामद शव की पहचान काफी मशक्कत के बाद परिजनों ने नितीश कुमार के रूप में की। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।

घटना को लेकर कई सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पूरा मामला संदेह के घेरे में है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सतगावां थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version