लातेहार : जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र स्थित डाटम-पाटम फॉल में रविवार को डूबे दो युवकों के शव सोमवार को बरामद कर लिए गए। एनडीआरएफ की टीम ने करीब 20 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला। मृतकों की पहचान बालूमाथ थाना क्षेत्र निवासी आकिब कुरैशी (21) और पलामू जिले के पांकी निवासी आसिफ अंसारी (22) के रूप में हुई है। दोनों युवकों की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, रविवार को दोनों युवक घूमने के लिए डाटम-पाटम फॉल पहुंचे थे। इसी दौरान वे पानी में नहाने लगे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें डूबता देख शोर मचाया और बचाने की कोशिश की। लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों को बचाया नहीं जा सका।
स्थानीय गोताखोरों के बाद NDRF ने चलाया अभियान
घटना की सूचना मिलते ही हेरहंज थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई।
रविवार को काफी खोजबीन के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका। इसके बाद जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। सोमवार को टीम ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव एक ही स्थान से बरामद कर लिए।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू
दोनों शव मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
हेरहंज थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने दोनों युवकों के शव बरामद होने की पुष्टि की है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।




