Kolkata: PM नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र भी अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं।
Read more: बंगाल से बिहार और यूपी तक PM मोदी का दौरा, शिक्षा-कौशल और विकास पर रहेगा फोकस
PM ने कहा कि IIT खड़गपुर ने अपनी स्थापना के 75 सालों में बहुत से मील के पत्थर स्थापित किए हैं। इन 75 सालों में भारत ने बैलगाड़ियों से लेकर बुलेट ट्रेन तक और डाकपत्रों से सोशल मीडिया मैसेज तक बहुत कुछ बदलते हुए देखा है। इन बदलावों के हर दौर में देश के पहले IIT के तौर पर IIT खड़गपुर ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
स्वतंत्रता सेनानियों के डिटेंशन कैंप से आत्मनिर्भर भारत की प्रयोगशाला तक
पीएम मोदी ने बंगाल की ऐतिहासिक विरासत को याद करते हुए कहा कि यह वो धरती है, जहां से विचारों को बल मिला है और नेशनल मूवमेंट बने। IIT खड़गपुर उसी जगह बना है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। उन्होंने छात्रों से कहा कि कल्पना कीजिए कि जो स्वतंत्रता सेनानी यहां रहे होंगे, दिनभर क्या बातें करते होंगे और क्या सोचते होंगे। उस समय की उनकी जिंदगी और गतिविधि आज भी यहां मंत्र की तरह गूंजती होगी, जो आप लोगों को प्रेरणा देती है। पीएम मोदी ने कहा कि दशकों पहले इन्हीं कैंपों ने उन भारतीयों का अदम्य उत्साह और साहस देखा था, जो अपना शासन और भारत को बुलंदियों पर देखना चाहते थे। आज इसी भूमि पर नए रंग-रूप में सजी IIT में ऐसे युवा तैयार हो रहे हैं, जिनका इनोवेशन और आइडिया भारत को ‘आत्मनिर्भर’ बनाने की ताकत बन रहे हैं। तब फ्रीडम का सपना था और आज फ्यूचर बनाने का अवसर है, और आकांक्षा से आत्मनिर्भरता का यह सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है।
‘सीमाओं को तोड़ें, संभावनाओं के द्वार खोलें’
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब हम विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं, तो IIT खड़गपुर का 75 वर्षों का अनुभव देश के विकास और इनोवेशन प्रोफाइल में बहुत बड़ी भूमिका निभाने वाला है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान के युवा आज के ‘एस्पिरेशनल इंडिया’ के सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि हमारा सामर्थ्य क्या है, यह इससे तय होता है कि हम कितनी चुनौतियों को चुनौती देने का साहस करते हैं। उन्होंने दोहराया कि राष्ट्र भी अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं, और पिछले कुछ वर्षों में भारत ने डंके की चोट पर यही करके दिखाया है कि सीमाओं को तोड़ें और संभावनाओं के द्वार खोलें।





