रांची। राजधानी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पक्का मकान प्राप्त करने के बावजूद आवंटित आवासों में निवास नहीं करने वाले लाभुकों के खिलाफ रांची नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कचहरी रोड स्थित रांची नगर निगम (RMC) कार्यालय के प्रधानमंत्री आवास योजना कोषांग द्वारा इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर संबंधित लाभुकों को अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। सहायक नगर आयुक्त द्वारा जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर लाभुक अपने आवंटित आवासों में शिफ्ट नहीं होते हैं, तो उनका आवंटन रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
करम टोली अतिक्रमण अभियान के प्रभावितों को मिले थे आवास
निगम के प्रधानमंत्री आवास योजना कोषांग से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तृतीय घटक के अंतर्गत बिरसा मुंडा स्मृति पार्क स्थित जी+3 (G+3) निर्मित आवासीय परिसर में स्वीकृत डीपीआर सूची में शामिल पांच लाभुकों को आवास आवंटित किए गए थे। यह आवंटन दिनांक 31 जुलाई 2026 को करम टोली स्थित अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के दौरान पुनर्वास के उद्देश्य से किया गया था, ताकि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित छत मिल सके।
इन पांच लाभुकों को जारी की गई है सूचना
नगर निगम द्वारा सार्वजनिक की गई सूची के मुताबिक, जिन लाभुकों को बिरसा मुंडा स्मृति पार्क आवासीय परिसर में फ्लैट आवंटित किए गए हैं, उनमें सुमित कुमार (पिता- सुलेन्द्र राम) को आवंटित आवास संख्या A 304, अंजन राम (पिता- रामेश्वर राम) को आवास संख्या D 301, राम केश्वर राम (पिता- नगीना राम) को आवास संख्या I 103, रंजन राम (पिता- राम केश्वर राम) को आवास संख्या D 305 तथा विकास कुमार राम (पिता/पति- सीता राम) को आवास संख्या E 301 शामिल हैं।
26 नवंबर तक शिफ्ट करने और सूचना देने का निर्देश
विभागीय समीक्षा में यह बात सामने आई है कि जुलाई में आवंटन होने के बावजूद इन लाभुकों द्वारा अब तक अपने आवंटित आवासों में शिफ्ट नहीं किया गया है और न ही इस संबंध में निगम कार्यालय को कोई सूचना दी गई है।
इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने सभी संबंधित लाभुकों को निर्देश दिया है कि वे दिनांक 26 नवंबर 2026 तक यथाशीघ्र अपने-अपने आवंटित आवास में शिफ्ट करना सुनिश्चित करें और इसकी जानकारी निगम कार्यालय में दर्ज कराएं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि तय तिथि तक शिफ्ट न होने की स्थिति में आवंटित आवास को रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी, जिसके उपरांत संबंधित आवास पर उनकी किसी भी प्रकार की दावेदारी मान्य नहीं होगी। अधिक जानकारी के लिए निगम की ईमेल आईडी support@ranchimunicipal.com या कचहरी रोड स्थित कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।





