धनबाद। जिले में निजी अस्पतालों और क्लीनिकों के प्रचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाई है। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद ने जिले के सभी निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों को अपने होर्डिंग, बैनर और सूचना पट्ट से डॉक्टरों की तस्वीरें हटाने का आदेश दिया है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संस्थानों को 21 नवंबर यानी शनिवार की शाम 6 बजे तक का समय दिया है। सिविल सर्जन ने कहा है कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रचार सामग्री में डॉक्टरों की व्यक्तिगत तस्वीरें लगाना नियमों का उल्लंघन है। इसलिए सभी निजी चिकित्सा संस्थानों को तय समय के अंदर तस्वीरें हटानी होंगी।
समय सीमा खत्म होने के बाद होगी औचक जांच
स्वास्थ्य विभाग ने साफ कर दिया है कि आदेश का पालन नहीं करने वाले अस्पतालों और क्लीनिकों पर कार्रवाई की जाएगी। तय समय सीमा खत्म होने के बाद सिविल सर्जन कार्यालय की टीम अलग-अलग अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों में औचक निरीक्षण करेगी।
जांच के दौरान होर्डिंग और बैनरों की तस्वीरें ली जाएंगी। इसके जरिए यह देखा जाएगा कि किस संस्थान ने आदेश का पालन किया है और किसने नहीं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संचालकों को निर्देश दिया है कि समय रहते प्रचार सामग्री से डॉक्टरों की तस्वीरें हटा लें।
नियम नहीं मानने पर होगी कार्रवाई
औचक जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग निरीक्षण और कार्रवाई से जुड़ी रिपोर्ट मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया को भेजेगा। जिन अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों में आदेश का पालन नहीं पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस आदेश के बाद जिले के निजी चिकित्सा संस्थानों को अपने प्रचार होर्डिंग और बैनर में बदलाव करना होगा। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी संस्थानों को नियमों का पालन करना अनिवार्य है।




