लोहरदगा। जिलेभर में शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के मंदिरों में तैयारी की गई है। खासकर ठाकुरबाड़ी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी। इस दिन सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। भक्त भगवान विष्णु की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन हो जाता है। इसे प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू धर्म में इस दिन का विशेष महत्व माना गया है।
तुलसी विवाह के साथ शुरू होंगे मांगलिक कार्य
देवउठनी एकादशी के दिन तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह की परंपरा निभाई जाती है। श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से तुलसी विवाह संपन्न कराते हैं। मान्यता है कि इस पूजा से घर में सुख-समृद्धि आती है और परिवार में खुशहाली बनी रहती है।
चार महीने बाद शुरू होंगे शादी-विवाह और शुभ कार्य
देवउठनी एकादशी के साथ ही चार महीने से रुके मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं। इसके बाद शादी-विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश समेत अन्य शुभ कार्य किए जाते हैं। चातुर्मास के दौरान इन कार्यों को धार्मिक मान्यताओं के कारण टाला जाता है।
पर्व को लेकर लोहरदगा जिले में धार्मिक उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करेंगे। वहीं, मंदिरों में विशेष आयोजन की तैयारी की गई है।




