सरकारी एंबुलेंस और ममता वाहन के अभाव में मरीजों को निजी वाहनों का लेना पड़ रहा सहारा, सांसद तक पहुंचेगी अस्पताल की बदहाली की शिकायत
चैनपुर (गुमला): आदिवासी बहुल चैनपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाल तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आपातकालीन स्थिति में मरीजों को हायर सेंटर ले जाने के लिए न तो सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध है और न ही 108 एंबुलेंस की सुविधा। गर्भवती महिलाओं के लिए संचालित होने वाली ममता वाहन सेवा भी यहां नदारद है। ऐसे में गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए प्रखंड संसद प्रतिनिधि अल्बर्ट तिग्गा एवं प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद खलखो ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभारी चिकित्सक डॉ. दीपशिखा किंडो से मुलाकात कर अस्पताल की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि अस्पताल में चार चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आवश्यक संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। विशेषकर आपातकालीन स्थिति और दुर्घटना के मामलों में मरीजों को हायर सेंटर पहुंचाने के लिए परिजनों को अपने खर्च पर बोलेरो या अन्य निजी वाहनों की व्यवस्था करनी पड़ती है। इससे गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड संसद प्रतिनिधि अल्बर्ट तिग्गा ने कहा कि चैनपुर अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं से लोकप्रिय सांसद को अवगत कराया जाएगा। साथ ही सरकार और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द 108 एंबुलेंस तथा ममता वाहन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी, ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद खलखो, संसद प्रतिनिधि अल्बर्ट तिग्गा, प्रभारी चिकित्सक डॉ. दीपशिखा किंडो और बीपीएम विनय नायक सहित अस्पताल के कई कर्मी मौजूद थे।




