रांची: राजधानी के विभिन्न इलाकों में इन दिनों वाटर मीटर चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की नींद उड़ा रखी है। लगातार बढ़ रही इन वारदातों से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेते हुए रांची नगर निगम (जलापूर्ति शाखा) ने शहरवासियों के लिए एक बेहद जरूरी ‘आम सूचना’ जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।
नगर निगम कार्यालय को पिछले कुछ समय से वाटर मीटर चोरी से जुड़ी कई शिकायतें मिल रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ असामाजिक तत्व नगर निगम का कर्मचारी या प्रतिनिधि बनकर लोगों के घरों में दाखिल हो रहे हैं और जल संयोजन या मीटर जांच के बहाने वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
इस तरह की ठगी और चोरी पर लगाम लगाने के लिए उप नगर आयुक्त की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। निगम ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति खुद को रांची नगर निगम का प्रतिनिधि बताकर नया जल कनेक्शन देने या वाटर मीटर से जुड़े किसी भी काम के सिलसिले में आपके घर आता है, तो उस पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। घर में प्रवेश की अनुमति देने से पहले संबंधित व्यक्ति से रांची नगर निगम द्वारा जारी आधिकारिक पहचान पत्र (ID Card) की मांग करें और उसकी अच्छी तरह जांच करें।
इसके अतिरिक्त, अपनी सुरक्षा और संतुष्टि के लिए नगर निगम के टोल-फ्री नंबर 18005701235 पर कॉल कर उस व्यक्ति की पहचान अवश्य सत्यापित कर लें। आपकी थोड़ी सी सतर्कता आपको बड़े नुकसान से बचा सकती है।





