फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

छठ व्रतियों की राह में न चुभे एक भी कांटा, घाटों पर युद्धस्तर पर तैयारी

स्वच्छ, सुरक्षित और दूधिया रोशनी से जगमग होंगे छठ घाट, नगर आयुक्त ने दिए जल शुद्धिकरण व सुरक्षा के सख्त निर्देश, लिया तीन प्रमुख जलाशयों का जायजा, लापरवाही पर सख्त चेतावनी

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

रांची: लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ केवल पूजा नहीं, बल्कि पवित्रता, साधना और आत्मीयता का ऐसा अनुष्ठान है जहां हर श्रद्धालु नंगे पांव भगवान भास्कर को अर्घ्य देने घाटों तक पहुंचता है। इसी जनभावना और आस्था का सम्मान करते हुए रांची नगर निगम ने राजधानी के छठ घाटों को संवारने की मुहिम पूरी ताकत से तेज कर दी है। बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव प्रशासनिक अमले के साथ खुद जमीन पर उतरे और शहर के तीन प्रमुख जलाशयों एदलहातू तालाब, बड़गाईं तालाब और पीएचईडी तालाब का सघन मुआयना कर व्यवस्थाओं की नब्ज टटोली।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि व्रतियों की सेवा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि छठ व्रती घर से घाट तक नंगे पैर पैदल यात्रा करते हैं, इसलिए संपर्क पथों से कंकड़, नुकीले पत्थर और कचरे का एक-एक टुकड़ा चुनकर हटाया जाए ताकि आस्थावानों के पांवों में कोई तकलीफ न पहुंचे। इसके अलावा घाटों के जल को स्वच्छ व आचमन योग्य बनाने के लिए पानी में तत्काल फिटकरी के छिड़काव के निर्देश दिए गए।

तालाबवार व्यवस्थाओं को परखते हुए उन्होंने एदलहातू तालाब में दो हाई मास्ट लाइटें अधिष्ठापित करने और संपर्क मार्गों की उच्चस्तरीय सफाई के निर्देश दिए। बड़गाईं तालाब में पेड़ों की अनियंत्रित डालियों की छंटाई और अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे शाम और भोर के अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिल सके। वहीं पीएचईडी तालाब परिसर में घासों की कटाई और दीवारों व सीढ़ियों की रंगाई-पुताई समय पर पूरी करने के आदेश दिए गए।

नगर आयुक्त ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर उनकी जरूरतें जानीं और स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सहूलियत में किसी भी स्तर की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल बिठाकर समयसीमा के भीतर सभी काम पूरे करने की ताकीद की, ताकि रांची के घाट स्वच्छ, सुरक्षित और प्रकाशमय रूप में भक्तों का स्वागत कर सकें।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram