रांची: स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री, प्रख्यात शिक्षाविद और स्वतंत्रता संग्राम के अप्रतिम नायक मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की जयंती के पावन अवसर पर राजधानी में वैचारिक मंथन का एक सशक्त मंच सजा। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की झारखंड राज्य कमेटी के तत्वावधान में आयोजित विशेष विचार गोष्ठी में मौलाना आज़ाद के जीवन संघर्षों, आधुनिक शिक्षा प्रणाली की बुनियाद और भारत की साझी विरासत को बचाने पर गहरा विमर्श हुआ।
गोष्ठी में उपस्थित वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि मौलाना आज़ाद का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और वैज्ञानिक सोच के प्रति निस्वार्थ समर्पण की मिसाल है। उन्होंने हमेशा शिक्षा को महज किताबी ज्ञान न मानकर समाज में समता और सामाजिक न्याय स्थापित करने का सबसे बड़ा औजार माना। स्वतंत्र भारत में प्राथमिक स्तर से लेकर उच्च शोध संस्थानों तक की सुदृढ़ नींव रखने में मौलाना आज़ाद का योगदान अविस्मरणीय है।
मौजूदा सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य पर चिंता जताते हुए वक्ताओं ने रेखांकित किया कि आज जब शिक्षा के अंधाधुंध बाजारीकरण और निजीकरण से आम छात्र हाशिए पर धकेले जा रहे हैं एवं विभाजनकारी ताकतों द्वारा सामाजिक ताने-बाने को चोट पहुंचाई जा रही है, तब मौलाना आज़ाद के आदर्श और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही संविधान, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की रक्षा संभव है। वक्ताओं ने युवाओं से अपील की कि वे सांप्रदायिक सोच को नकारते हुए एक समावेशी और समतामूलक समाज के निर्माण के लिए आगे आएं।
इस विचार गोष्ठी में मुख्य रूप से CPI(M) झारखंड के राज्य सचिव कॉमरेड प्रकाश विप्लवी, वारिस कुरैशी, कॉमरेड अमल आज़ाद, AISF रांची जिला अध्यक्ष कॉमरेड एतेसाम, सैयद फराज अब्बास, अधिवक्ता निशात खान, दानिश तथा अकरम राशिद सहित कई प्रमुख सामाजिक व छात्र नेता उपस्थित रहे।






