फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

मौलाना आजाद की जयंती पर गूंजा शिक्षा एवं सद्भावना का संदेश, 300 होनहार छात्र सम्मानित

मौलाना आजाद लाइब्रेरी ने संवारी युवाओं की प्रतिभा, प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले पुरस्कार

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

रांची: स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती तथा ‘राष्ट्रीय शिक्षा दिवस’ के मौके पर राजधानी रांची में शिक्षा और सद्भाव का अनूठा संगम देखने को मिला। अंजुमन इस्लामिया रांची के मौलाना आजाद लाइब्रेरी एंड स्टडी सेंटर के तत्वावधान में बुधवार को मौलाना आजाद हॉल में ‘शिक्षा एवं सद्भावना दिवस’ का भव्य और गरिमामयी आयोजन किया गया। इस दौरान न केवल भारत के निर्माण में मौलाना आजाद के ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया, बल्कि शिक्षा की अलख जगाते हुए लगभग 300 छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके सपनों को नई उड़ान दी गई।

समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं की बौद्धिक क्षमता को निखारने के उद्देश्य से ‘आधुनिक भारत में मौलाना आजाद का योगदान’ विषय पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। युवाओं ने अपने जोशीले और तार्किक विचारों से हॉल में मौजूद हर शख्स को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले मेधावी प्रतिभागियों को मंच पर आकर्षक पुरस्कारों से नवाजा गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले तथा स्पोकन इंग्लिश व अन्य कौशल विकास पाठ्यक्रमों से जुड़े 300 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मौलाना आजाद लाइब्रेरी एंड स्टडी सेंटर के संयोजक मो. लतीफ आलम ने मौलाना आजाद की दूरदर्शिता को रेखांकित किया। उन्होंने भावुक और प्रेरक शब्दों में कहा कि स्वतंत्र भारत के पहले शिक्षा मंत्री के रूप में मौलाना आजाद ने देश में आधुनिक शिक्षा की जो मजबूत नींव रखी थी, आज पूरा देश उसका फल देख रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया था कि शिक्षा हर नागरिक का बुनियादी हक है और इसके बिना सशक्त समाज की कल्पना बेमानी है। आज यूजीसी (UGC), आईआईटी (IIT) और साहित्य अकादमी जैसे जिन शीर्ष संस्थानों पर देश नाज करता है, वे मौलाना साहब की ही दूरगामी सोच का नतीजा हैं।

समारोह का सफल एवं प्रभावी संचालन शाहबाज़ हुसैन और मेहर दरकशा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सम्मानित अतिथि के तौर पर वार्ड पार्षद मोहम्मद असलम, वार्ड पार्षद मोहम्मद सलाहुद्दीन उर्फ संजू भाई, पार्षद प्रतिनिधि खालिद उमर, मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी, मुफ्ती तल्हा नदवी और मेंबर नूर आलम मौजूद रहे। वक्ताओं ने युवाओं से मौलाना आजाद के धर्मनिरपेक्ष मूल्यों, देशप्रेम और संघर्षों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

आयोजन को सफल बनाने में अफजल खान, इमाम अहमद, सरवर आलम, मो. फहीम तौसीफ खान, नैयर सरताज, हाफी जावेद, शाहिद सन्नी, गोप लाल, फहीमा हेना, मुस्कान नैना, निगर सुलताना, वहीदा, शकील सर सहित अंजुमन इस्लामिया के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram