फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

पूर्व विधायक का दर्द: कभी विस्थापितों की लड़ाई लड़ी, आज खुद घर छिनने पर टेंट में रात गुजारने को मजबूर

जब हक की आवाज उठाने वाली खुद अपनी चौखट से बेदखल हो गई

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची। जो कभी जनता की फरियाद लेकर सत्ता के गलियारों में दस्तक देती थीं, आज वह खुद अपनी बुनियादी छत के लिए सड़क पर प्लास्टिक के टेंट में दिन-रात काटने को मजबूर हैं। बड़कागांव की पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अम्बा प्रसाद की यह तस्वीर झारखंड की राजनीति में शक्ति और बेबसी के अजीब विरोधाभास को बयान कर रही है। धुर्वा स्थित जिस आवास में कभी जनसुनवाई होती थी, आज उसी की दहलीज के बाहर ठंडी हवाओं के बीच तना एक अस्थायी टेंट राज्य की प्रशासनिक संवेदनाओं पर कड़े सवाल खड़े कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, उनके पूर्व सरकारी आवास को अचानक किसी अन्य व्यक्ति के नाम आवंटित कर दिया गया। आरोप है कि बिना किसी विधिवत पूर्व सूचना या नोटिस के यह कदम उठाया गया, जिसके बाद अम्बा प्रसाद अपने ही घर के बाहर टेंट लगाकर धरने जैसी स्थिति में बैठ गईं। झारखंड में जल, जंगल और जमीन तथा विस्थापितों के अधिकारों की खातिर खुलकर लड़ने वाली एक महिला जन-प्रतिनिधि के लिए यह अनुभव बेहद पीड़ादायक और मानवीय स्तर पर झकझोर देने वाला है।
बुधवार की सुबह जब यह खबर फैली, तो विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की आवाजाही शुरू हो गई। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और रमा खलखो सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने मौके पर पहुंचकर अम्बा प्रसाद से मुलाकात की और उनके हालात पर गहरी चिंता जताई। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने प्रशासनिक रवैये पर उंगली उठाते हुए कहा कि बिना नियमानुसार पूर्व नोटिस दिए किसी का आशियाना खाली कराना किसी भी तरह से न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी और सरकार के स्तर पर वार्ता कर इस गतिरोध का जल्द सम्मानजनक हल निकाला जाएगा।
इसी बीच, लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हरिनाथ साहू एक प्रतिनिधिमंडल के साथ अम्बा प्रसाद के टेंट में पहुंचे और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने का ऐलान किया। हरिनाथ साहू ने केवल सहानुभूति ही नहीं जताई, बल्कि सत्ता और मुख्यधारा की राजनीति पर तीखे सवाल भी दागे। उन्होंने कहा कि अम्बा प्रसाद अत्यंत पिछड़ा वर्ग से आने वाली एक जुझारू महिला नेता हैं, जिन्होंने हमेशा दबे-कुचले और विस्थापित लोगों की आवाज उठाई। आज जब वह खुद इस संकट में हैं, तो ऐसा प्रतीत होता है कि सोची-समझी रणनीति के तहत उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है।
साहू ने दो-टूक कहा कि राजनीतिक विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन जब मानवीय गरिमा और स्वाभिमान पर चोट पहुंचती है, तो चुप रहना अपराध है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी दोहरे रवैये से बाहर आकर अपनी राष्ट्रीय सचिव के पक्ष में खुलकर खड़े होने की अपील की। उन्होंने साफ किया कि जब तक अम्बा प्रसाद को उनका हक और गरिमा वापस नहीं मिल जाती, तब तक उनका संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।
Advertisement
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram