खूंटी: दीपावली से पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को खूंटी पहुंचे। यहां उनका अंदाज बिल्कुल अलग देखने को मिला। बिना किसी औपचारिक कार्यक्रम के वह भगत सिंह चौक स्थित महतो चाय दुकान पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चाय पी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
खूंटी पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और ई-रिक्शा चालकों ने फूलों से उनका स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच देखकर स्थानीय लोग भी काफी खुश नजर आए। कई लोग उनसे मिलने और बातचीत करने पहुंचे।
सड़क के गड्ढे पर पड़ी नजर, जताई चिंता
महतो चाय दुकान पर बातचीत के दौरान रघुवर दास की नजर भगत सिंह चौक के बीच सड़क पर बने एक गड्ढे पर पड़ी। उन्होंने सड़क की खराब स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि व्यस्त चौक पर सड़क के बीच गड्ढा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है।
कार्यकर्ताओं के साथ बिताया समय
इस दौरान रघुवर दास ने भाजपा कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना और उनके साथ स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की। चाय की चुस्की के बीच उनकी बातचीत काफी सहज और अपनापन भरी रही।
मौके पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष काशीनाथ महतो, प्रियंक भगत समेत कई पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।






