रांची: झारखंड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली संजय सरजू यादव उर्फ गोदाराम को महाराष्ट्र के ठाणे जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने झारखंड पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। उसकी गिरफ्तारी ठाणे के ठाकुरली इलाके से हुई है।
संजय यादव पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगण गांव का रहने वाला है। वह नक्सली संगठन की जोनल कमेटी का सक्रिय सदस्य बताया जाता है। झारखंड पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। राज्य सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पहचान छिपाकर रह रहा था संजय यादव
जानकारी के अनुसार, संजय यादव पिछले करीब 10 दिनों से महाराष्ट्र के ठाणे जिले के ठाकुरली इलाके में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। महाराष्ट्र ATS को उसके ठिकाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने इलाके में निगरानी की और सूचना की पुष्टि होने पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
झारखंड पुलिस को सौंपा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र ATS ने संजय यादव से पूछताछ की और झारखंड पुलिस को इसकी जानकारी दी। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे झारखंड पुलिस के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड लेकर आ रही है।
नक्सली नेटवर्क को लेकर होगी पूछताछ
झारखंड पहुंचने के बाद पुलिस संजय यादव से नक्सली गतिविधियों, संगठन के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और उसके अन्य सहयोगियों के बारे में पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में नक्सली संगठन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।





