रांची: झारखंड में अब ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। रांची समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 3 से 4 दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक नीचे आ चुका है। दिन में मौसम सामान्य रहता है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है।
त्योहारी और मौसमी खरीदारी के लिए रात में बाजारों में निकलने वाले लोग अब गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री तक और गिरावट हो सकती है।
शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम 20.6 डिग्री रहा। डालटनगंज में अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम 17.7 डिग्री दर्ज हुआ। बोकारो में अधिकतम तापमान 29.1 और न्यूनतम 18.2 डिग्री रहा। जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 11 नवंबर के बीच झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है। वहीं, राज्य के कुछ इलाकों में सुबह के समय कुहासा भी देखने को मिल सकता है।





