जमशेदपुर: भाजपा की ओर से गुरुवार को जमशेदपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली गई। इसमें रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद बिद्युत वरण महतो, जदयू विधायक सरयू राय समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
पदयात्रा से पहले साकची स्थित आम बागान मैदान में विशाल जनसभा आयोजित की गई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि कांग्रेस किसी भी तरह सत्ता हासिल करना चाहती है।
संजय सेठ ने कांग्रेस पर साधा निशाना
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और यहां संविधान के अनुसार शासन चलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को अब ईवीएम के साथ-साथ बैलेट पेपर पर भी भरोसा नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीबी कम हुई है। साथ ही कांग्रेस के शासनकाल और आपातकाल का जिक्र करते हुए पार्टी पर निशाना साधा।
राहुल गांधी को बहस की चुनौती
संजय सेठ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को खुली बहस की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बहस के लिए समय और स्थान तय कर लें। संजय सेठ ने दावा किया कि वह पांच मिनट में अपनी बात साबित कर देंगे।
रघुवर दास बोले- अब नहीं चलेगी वंशवाद की राजनीति
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश में अब वंशवाद की राजनीति नहीं चलेगी। जनता लोकतांत्रिक राजनीति चाहती है और भाजपा लोकतंत्र की राजनीति करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करना चाहती है, लेकिन भाजपा ऐसा नहीं होने देगी।
दो चरणों में निकाली जा रही पदयात्रा
भाजपा देशभर में लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान चला रही है। झारखंड में यह कार्यक्रम दो चरणों में अलग-अलग जिलों में आयोजित किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत कोल्हान प्रमंडल के जमशेदपुर में गुरुवार को पदयात्रा निकाली गई। इसमें कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।






