रांची: छठ महापर्व को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर के सभी छठ घाटों की तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ जुमार नदी छठ घाट, जेल तालाब और चडरी तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा, लाइटिंग और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 11 नवंबर 2026 तक सभी घाटों के बचे हुए काम पूरे कर लिए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
जुमार नदी घाट पर सफाई और समतलीकरण के निर्देश
जुमार नदी छठ घाट पर नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था बेहतर करने और अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया। साथ ही जेसीबी से घाट का समतलीकरण और जलाशय से गाद निकालने का काम जल्द पूरा करने को कहा।
श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने के लिए घाट पर स्टोन डस्ट बिछाने का भी निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान छठ पूजा समिति के सदस्यों के साथ प्रकाश व्यवस्था पर चर्चा हुई। समिति की ओर से करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में अतिरिक्त लाइट लगाने की जानकारी दी गई।
जेल तालाब में विसर्जन स्थल होगा निर्धारित
जेल तालाब के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने काली पूजा में मूर्ति विसर्जन के लिए अलग स्थान चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विसर्जन के 24 घंटे के अंदर मूर्तियों के अवशेष तालाब से हटा दिए जाएं।
इसके अलावा तालाब की सफाई, दीवारों पर पेंटिंग और बचे हुए निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा गया। छठ पूजा से पहले जलाशय की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए भी जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया गया।
चडरी तालाब में सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
चडरी तालाब में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही घाट के प्रवेश द्वार और संपर्क रास्तों पर खुले नालों को ढकने को कहा गया।
तालाब परिसर में झुके हुए पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाएगा निगम
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सभी छठ पूजा समितियों के साथ लगातार संपर्क में रहने और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। सभी घाटों पर चेंजिंग रूम, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि छठव्रती स्वच्छ, सुरक्षित और रोशनी से जगमगाते घाटों पर भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें, यह नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए निगम की पूरी टीम लगातार काम कर रही है।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर, वार्ड सुपरवाइजर और छठ पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।






