Spiritual Adda: भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर घर के कोनों में जमी धूल, दीवारों की सीलन या बालकनी में रखे मुरझाए पौधों पर ध्यान नहीं देते, लेकिन वास्तु शास्त्र के नजरिए से ये छोटी-छोटी बातें हमारे बैंक बैलेंस पर सीधा असर डालती हैं। पैसा कमाने के लिए मेहनत तो जरूरी है ही, लेकिन घर का माहौल और सकारात्मक ऊर्जा भी उतनी ही अहमियत रखती है। अगर आपके हाथ में भी पैसा नहीं टिकता, तो एक बार अपने घर के उन कोनों की पड़ताल जरूर कीजिए जहां रोशनी और सफाई की सबसे ज्यादा जरूरत है, क्योंकि लक्ष्मी का वास वहीं होता है जहां स्वच्छता और सकारात्मकता का पहरा हो।
Read more: वास्तु के इन 6 नियमों से घर में आएगा पैसा, आज ही बदलें ये दिशाएं
मां लक्ष्मी को नाराज करती हैं घर की ये छोटी-छोटी कमियां
पैसा हर दौर में इंसान की जरूरत रहा है। इसलिए हर इंसान पैसा कमाना और पैसा बचाना भी चाहता है। कई बार ज्यादा कमाने के बावजूद पैसा हाथ में नहीं टिकता, ऐसा वास्तु दोष के लगने से भी होता है। इन दोषों की वजह से धन की देवी लक्ष्मी नाराज हो जाती हैं, जिससे घर में नकारात्मक ऊर्जा का वास बढ़ जाता है, लेकिन वास्तु शास्त्र में इसके कई कारगर उपाय बताए गए हैं। आइए जानते हैं इन वास्तु दोषों और उनके उपायों के बारे में।
दीवारों की सफाई और दरारें दूर करना
वास्तु शास्त्र में घर या दुकान की दीवारों पर गंदगी नकारात्मक ऊर्जा को आमंत्रित करती है। शास्त्रों में कहा गया है कि जहां मैल और अव्यवस्था हो, वहां देवी लक्ष्मी का वास नहीं होता। इसलिए, दीवारों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, खास-तौर से उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा की दीवारें बिल्कुल साफ रखें, क्योंकि यह दिशा कुबेर और भगवान विष्णु से जुड़ी मानी गई है। अगर दीवारों में दरारें या सीलन दिखे तो तुरंत मरम्मत करवाएं। वास्तु के मुताबिक घर की दीवारों की रंगाई करवाने में चमकीले और हल्के रंगों का इस्तेमाल धन की स्थिरता बढ़ाने में मददगार साबित होता है।
मकड़ी के जाले और पौधों की सूखी पत्तियां
मकड़ी के जाले देखने में मामूली लगते हैं, लेकिन वास्तु और धार्मिक दृष्टि से ये धन और अवसरों में रुकावट पैदा करते हैं। वास्तु के मुताबिक मकड़ी के जाले घर की सकारात्मक ऊर्जा को रोकते हैं। इसलिए सप्ताह में एक बार कोनों, छतों और फर्नीचर के पीछे की जगहों की सफाई जरूर करें।
Read more: सड़क पर गिरा हुआ सिक्का या नोट मिलना शुभ या अशुभ? जानें क्या कहता है वास्तु
इसके अलावा, वास्तु शास्त्र के मुताबिक पौधों की सूखी पत्तियां आलसपन का संकेत हैं। धर्मग्रंथों में भी कहा गया है कि सूखे या मुरझाए पेड़-पौधे नकारात्मक ऊर्जा लाते हैं। इसलिए रोजाना अपने पौधों की देखभाल करें, सूखी पत्तियां या टूटे तने तुरंत हटा दें। घर में तुलसी, मनी प्लांट या बांस जैसे पौधे रखें, क्योंकि माना जाता है कि ये पौधे तरक्की के रास्ते खोलते हैं। हालांकि, मुरझाई हुई तुलसी कभी भी घर के आंगन में न रखें, क्योंकि इससे देवी लक्ष्मी नाराज होती हैं।
चमगादड़ का वास और सकारात्मक ऊर्जा
चमगादड़ अंधेरे और गंदगी में वास करने वाला जीव है। वास्तु शास्त्र के मुताबिक जहां चमगादड़ बसे हों, वहां नकारात्मक ऊर्जा बहुत तेजी से बढ़ती है। ऐसी मान्यता है कि जिस घर या दुकान में चमगादड़ रहते हैं, वहां देवी लक्ष्मी का वास नहीं होता। यदि ऐसी स्थिति हो, तो उस जगह की तुरंत सफाई करवाएं। साफ-सफाई के बाद रोजाना सुबह गायत्री मंत्र या श्री सूक्त का पाठ करें, जिससे घर की सकारात्मक ऊर्जा फिर से बढ़ने लगती है।




