रांची : दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को विभाग की टीम ने बिरसा चौक और धुर्वा इलाके में कई दुकानों की जांच की। इस दौरान ठेला, खोमचा, होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य सामग्री बेचने वाली कुल 10 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दो दुकानों से करीब 50 किलो अमानक पनीर बरामद किया गया, जिसे टीम ने जब्त कर लिया।
दो दुकानों से जब्त किया गया पनीर
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को दो दुकानों में रखे पनीर की गुणवत्ता पर संदेह हुआ। इसके बाद करीब 50 किलो पनीर जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
दुकानदारों को साफ-सफाई रखने की हिदायत
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों और कर्मचारियों को साफ कपड़े पहनने और भोजन बनाते समय दस्ताने व सिर ढकने के लिए हेड गियर का इस्तेमाल करने को कहा। साथ ही खाना बनाने और बर्तनों की सफाई के लिए स्वच्छ पानी का उपयोग करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों को धूल, मक्खियों और कीड़े-मकोड़ों से बचाकर रखने तथा खुले में खाद्य सामग्री नहीं बेचने की हिदायत दी।
खाद्य तेल और भंडारण की भी हुई जांच
जांच के दौरान टीम ने दुकानों में साफ-सफाई, बर्तनों, कचरा प्रबंधन और खाद्य सामग्री रखने की व्यवस्था की भी जांच की। दुकानदारों को कच्चे और पके खाद्य पदार्थ अलग-अलग रखने और एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की हिदायत दी।




