रांची : राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 29 अक्टूबर से जेसोवा दीवाली मेला शुरू होगा। यह मेला पांच दिनों तक यानी 2 नवंबर तक चलेगा। मेले में खरीदारी के साथ कला, संस्कृति और हस्तशिल्प से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मेले को लेकर मंगलवार को झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को परिवार के साथ मेले में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
मेले में लगेंगे 300 से ज्यादा स्टॉल
जेसोवा की ओर से आयोजित मेले में 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें पारंपरिक कपड़े, फैशन से जुड़े सामान, सजावटी वस्तुएं और हस्तशिल्प के उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।
देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले उद्यमी और हस्तशिल्पी अपने उत्पादों की बिक्री करेंगे। इसके अलावा ग्रामीण महिलाओं के बनाए स्वदेशी सामान भी मेले में मिलेंगे।
स्थानीय कलाकारों और ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा मंच
मेले का उद्देश्य स्थानीय कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा देना है। इसके जरिए ग्रामीण महिलाओं और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिलेगा।
जेसोवा के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम से की मुलाकात
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान जेसोवा के सदस्यों ने मेले की तैयारियों और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल में जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमारी, उपाध्यक्ष अनीता सिंह, सचिव मनु झा, संयुक्त सचिव श्वेता शुक्ला, कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह और कार्यकारिणी सदस्य रंजना कुमार व दिव्या शामिल थीं।
मोरहाबादी मैदान में लगने वाला यह मेला 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलेगा।




