जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब का असर जमशेदपुर समेत कोल्हान क्षेत्र में दिखने लगा है। मंगलवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने 30 अक्टूबर तक भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
डीसी ने अधिकारियों को अलर्ट रहने का दिया निर्देश
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद डीसी राजीव रंजन ने सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने नगर निकाय, प्रखंड, अंचल, पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा है।
डीसी ने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने और आपसी तालमेल बनाए रखने का निर्देश दिया है।
निचले इलाकों में जलजमाव की आशंका
लगातार बारिश होने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के निचले इलाकों में जलजमाव हो सकता है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है। वहीं, तेज हवा के कारण कच्चे मकानों और कमजोर दीवारों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
खराब मौसम से धान और सब्जियों की फसलों को भी नुकसान हो सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षित आश्रय स्थलों की पहचान करने और वहां भोजन, पानी व जरूरी दवाइयों की व्यवस्था रखने को कहा है।
बिजली विभाग को भी किया गया अलर्ट
तेज हवा और बारिश के दौरान बिजली के तार टूटने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है। इसे देखते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने और किसी भी खराबी को जल्द ठीक करने का निर्देश दिया गया है।
लोगों से घरों में रहने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। वज्रपात के समय पेड़ों, बिजली के खंभों, खुले मैदानों और पानी भरे स्थानों से दूर रहें।
प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित पक्के मकानों में रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी है।




