Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को उजाड़ने की शिकायतों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और सभी शिकायतों का निष्पक्षता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पीड़ितों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निर्देश
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ की भावना से जनसेवा कर रही है। अधिकारियों को भी इसी भावना के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, ताकि जनकल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाने के सरकार के संकल्प को पूरा किया जा सके।
अवैध कब्जा करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध कब्जा करने वालों और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाए। ऐसे मामलों में आरोपों की जांच कर नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि जमीन-जायदाद से जुड़ा विवाद पारिवारिक है, तो संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जाए। इससे विवादों को सुलझाने और पक्षों के बीच सहमति बनाने में मदद मिल सकती है।
राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में निष्पक्षता पर जोर
सीएम योगी ने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई की जाए और किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय न होने पाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि जो लोग किसी कारण से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं, उन्हें पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने और उनके समाधान में लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया।
बच्चे से बातचीत कर चॉकलेट दी
जनता दर्शन के दौरान एक भावुक और आत्मीय दृश्य भी देखने को मिला। अपनी मां के साथ आए एक बच्चे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्नेहपूर्वक बातचीत की। मुख्यमंत्री से बात करते हुए बच्चा मुस्कुराने लगा। इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने उसे चॉकलेट दी, जिसे बच्चे ने तुरंत ले लिया। मुख्यमंत्री और बच्चे के बीच हुई इस आत्मीय बातचीत को देखकर वहां मौजूद लोग भी प्रसन्न हो उठे।





