रांची : राजधानी रांची के सिरमटोली स्थित बीबा फैशन लिमिटेड के शोरूम में लाखों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि शोरूम में काम करने वाले चार कर्मचारियों ने मिलकर 31 लाख 20 हजार 635 रुपये के कपड़े और बिक्री की रकम में हेराफेरी की है। मामले को लेकर कंपनी के लीड सेल्स एचआर संजीव रंजन ने चुटिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने चार कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैनेजर समेत चार कर्मचारियों पर आरोप
मामला चुटिया थाना क्षेत्र के क्लब रोड, सिरमटोली स्थित होमराह टावर में संचालित बीबा शोरूम का है। कंपनी ने क्लस्टर मैनेजर विकास कुमार झा, स्टोर मैनेजर पीयूष और सेल्स स्टाफ प्रीतम कुमार व रूपाली समद को आरोपी बनाया है।
विकास कुमार झा करम चौक के विद्यानगर, पीयूष लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र स्थित सुकुरहुटू, प्रीतम कुमार डोरंडा के भवानीपुर और रूपाली समद हटिया की हरिजन बस्ती की रहने वाली हैं।
कंपनी के खाते की जगह निजी मोबाइल पर लेते थे पैसे
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शोरूम के कपड़ों और बिक्री से मिलने वाली रकम की जिम्मेदारी इन चारों कर्मचारियों के पास थी। आरोप है कि क्लस्टर मैनेजर और स्टोर मैनेजर ग्राहकों से सामान की बिक्री के पैसे कंपनी के खाते में जमा कराने के बजाय अपने निजी मोबाइल पर लेते थे।
कंपनी ने अप्रैल से सितंबर के बीच कई बार शोरूम का ऑडिट कराने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी किसी न किसी कारण से जांच टालते रहे।
5 अक्टूबर को ऑडिट में खुली गड़बड़ी
कंपनी की विशेष टीम ने 5 अक्टूबर को शोरूम का ऑडिट किया। इस दौरान स्टॉक और बिक्री की रकम में बड़ी गड़बड़ी सामने आई।
ऑडिट में 29 लाख 58 हजार 300 रुपये के कपड़े कम पाए गए। इसके अलावा 46 हजार 469 रुपये की नकद बिक्री और 1 लाख 15 हजार 866 रुपये की कार्ड बिक्री की रकम का भी हिसाब नहीं मिला। कंपनी के अनुसार, कुल 31 लाख 20 हजार 635 रुपये का गबन हुआ है।
गड़बड़ी सामने आने के बाद कर्मचारी फरार
कंपनी का आरोप है कि ऑडिट में गड़बड़ी पकड़े जाने के बाद जब कर्मचारियों से पूछताछ की गई, तो चारों काम छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए।
कंपनी प्रबंधन ने चारों को कारण बताओ नोटिस भेजा, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
चुटिया थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इसके साथ ही गायब कपड़ों और बिक्री की रकम के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।




