Patna: बिहार में आपदा और कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से लगातार सहयोग के हाथ बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में ‘इंडियन मोशन पिक्चर प्रोडक्शन एसोसिएशन’ (IMPA) और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने मुख्यमंत्री राहत कोष में उदारतापूर्वक अपना अंशदान दिया है। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और पूर्व मंत्री ने पटना स्थित लोक सेवक आवास ‘संकल्प’ में पहुंचकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सहायता राशि का चेक सौंपा।
इम्पा ने दिए 5 लाख रुपये, पूर्व मंत्री ने दिया एक माह का वेतन
मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए इंडियन मोशन पिक्चर प्रोडक्शन एसोसिएशन की ओर से 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही, राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं वरिष्ठ नेता मंगल पाण्डेय ने मानवीय पहल करते हुए अपने एक महीने के पूरे वेतन का अंशदान मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए सौंपा।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार, कहा- जरूरतमंदों के आएगी काम
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस उदार सहयोग के लिए इंडियन मोशन पिक्चर प्रोडक्शन एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट और आपदा के समय में समाज के विभिन्न प्रतिष्ठित संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिया जाने वाला यह सहयोग अत्यंत सराहनीय है। यह राशि राज्य में किसी भी आपदा या कठिन परिस्थिति के दौरान जरूरतमंद लोगों की सहायता और उनके पुनर्वास के कार्यों में उपयोग लाई जाएगी।




