फॉण्ट कनवर्टर NEW

छठ पूजा की तैयारी तेज, DC ने छह घाटों का जायजा लेकर दिए जरूरी निर्देश

छठ महापर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों के साथ शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, बिजली, पेयजल और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : छठ महापर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों के साथ शहर के छह प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, बिजली, पेयजल और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को छठ पूजा से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कांके डैम, हटानिया तालाब (मछली घर), चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और डोरंडा स्थित बटन तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।

छठ से पहले घाटों की सफाई पूरी करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीसी ने नगर निगम के अधिकारियों को सभी छठ घाटों की अच्छी तरह सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों की सीढ़ियों पर जमी काई हटाने, डीडीटी का छिड़काव करने और पानी की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके अलावा छठ पूजा के दौरान घाटों पर सफाईकर्मियों की तैनाती करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को गंदगी के कारण परेशानी न हो।

धुर्वा डैम में बनेंगे अलग-अलग चेंजिंग रूम

धुर्वा डैम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवाजाही की व्यवस्था देखी। उन्होंने घाट पर लगी जाली के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाने को कहा।

डीसी ने घाट पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के साथ महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया। साथ ही एनडीआरएफ की टीम को सुरक्षा और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा।

जतरा मेला के रास्ते से हटेगा अतिक्रमण

छठ घाटों के निरीक्षण के बाद उपायुक्त कांके रोड स्थित मिसिर गोंदा पहुंचे। यहां उन्होंने बारह पड़हा जतरा पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात की और जतरा मेला की तैयारियों की जानकारी ली।

समिति के सदस्यों ने जतरा स्थल तक जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की। इस पर डीसी ने नगर निगम के अधिकारियों को जल्द अतिक्रमण हटाकर रास्ता साफ कराने का निर्देश दिया।

पूजा समितियों से सहयोग की अपील

डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सभी छठ पूजा समितियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। सभी विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सदर एसडीओ कुमार रजत, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय सहित नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि और छठ पूजा समितियों के सदस्य भी शामिल हुए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram