रांची : झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज यानी शनिवार से राजधानी रांची में शुरू होगी। बैठक रिंग रोड के सुकुरहुटू स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित की गई है। इसका उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। बैठक में पार्टी के संगठन और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की जाएगी।
जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ करेंगे बैठक
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी। पहले चरण में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे से प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक शुरू होगी। इस दौरान नितिन नबीन उद्घाटन भाषण देंगे और पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे।
नेताओं का गमछा पहनाकर किया जा रहा स्वागत
बैठक को लेकर हवेली बैंक्वेट हॉल में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल को भाजपा के झंडों और पोस्टरों से सजाया गया है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंच रहे नेताओं और पदाधिकारियों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। साथ ही उन्हें गमछा पहनाकर स्वागत किया जा रहा है।
राज्य सरकार पर अमर बाउरी ने साधा निशाना
भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि झारखंड की जनता वर्तमान सरकार से परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राज्य को बेहतर नेतृत्व देने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कई अहम फैसले लिए जाएंगे।
इस दो दिवसीय बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।




