Riyadh: रोजी-रोटी की तलाश में सात समंदर पार खाड़ी देशों में पसीना बहाने वाले भारतीय कामगारों के लिए युद्ध और अशांति की ये खबरें किसी दुःस्वप्न से कम नहीं हैं। दम्मम के रनवे से लेकर अरामको के तेल रिफाइनरी तक बरसते बारूद ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जब भी पश्चिम एशिया में मिसाइलें और ड्रोन उड़ते हैं, तो उनकी जद में बेकसूर परदेसियों की सांसें ही सबसे पहले अटकती हैं। वतन में बैठे उन परिवारों की बेचैनी का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है, जिनकी आंखें अब दूतावास के हर अपडेट पर टिकी हैं।
Read more: हूतियों ने सऊदी अरामको मुख्यालय पर किया हमला, CEO के दफ्तर तक पहुंची आंच?
सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत स्थित दम्मम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार देर रात हुए भीषण हमले में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक शामिल है। इस हमले में कुल आठ अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो भारतीय नागरिक भी उपचाराधीन हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास और सऊदी अरब के राष्ट्रीय उड्डयन नियामक, जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) ने इस हमले और हताहतों की आधिकारिक पुष्टि की है। हवाई अड्डे के अलावा देश के प्रमुख तेल प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाया गया है।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने की पुष्टि, परिजनों से संपर्क जारी
रियाद में स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सऊदी अधिकारियों ने दम्मम एयरपोर्ट हमले में एक भारतीय नागरिक के मारे जाने और दो अन्य भारतीयों के घायल होने की पुष्टि की है। दूतावास अधिकारियों के अनुसार, वे स्थानीय प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं, अधिक जानकारी जुटाई जा रही है और पीड़ित परिवारों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है। दूतावास ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
8 लोग घायल, हवाई अड्डे पर परिचालन फिर से शुरू
सऊदी विमानन नियामक (GACA) के अनुसार, मृतकों में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं। घायलों में भारत, यमन और बांग्लादेश के दो-दो नागरिक तथा सऊदी अरब और नेपाल का एक-एक नागरिक शामिल है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। नियामक ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर क्षति का आकलन किया गया है और फिलहाल हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन और यात्री सेवाएं पूरी तरह सामान्य बहाल कर दी गई हैं।
Read more: हूतियों ने रियाद एयरपोर्ट पर मचाया कहर! सऊदी ने कबूला भारी नुकसान, 17 की मौत
अरामको तेल संयंत्र पर ड्रोन हमला और अमेरिकी एडवाइजरी
बुधवार देर रात हवाई अड्डों के साथ-साथ सऊदी अरब की राष्ट्रीय तेल कंपनी अरामको (Aramco) के तेल संयंत्र पर भी ड्रोन से हमला किया गया। इस अलग हमले में नेपाल और फिलीपींस के एक-एक नागरिक की मौत हुई, जबकि एक भारतीय सहित दो अन्य लोग घायल हो गए। फारस की खाड़ी के पास स्थित प्रमुख रणनीतिक ठिकानों पर बढ़ते हमलों के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति गंभीर हो गई है। हालात को देखते हुए अमेरिका ने अपने कुछ राजनयिकों और गैर-आपातकालीन कर्मचारियों को सपरिवार सऊदी अरब छोड़ने का निर्देश जारी किया है।





