Ranchi: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक को अगवा कर करीब 12 घंटे तक बंधक बनाए रखा गया और कमरे में बंद कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। आरोपियों की योजना युवक की हत्या कर उसके शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने की थी, लेकिन देर रात आरोपियों के सो जाने के बाद पीड़ित किसी तरह वेंटिलेटर के रास्ते भागने में सफल रहा।
12 घंटे तक बंधक बनाकर बेल्ट और गैस पाइप से पीटा
पीड़ित की पहचान दुर्गा कॉलोनी (रवि स्टील, कमड़े) निवासी 29 वर्षीय लक्ष्मण गोप के रूप में हुई है। लक्ष्मण का आरोप है कि तीन लोगों ने मिलकर उसे अगवा किया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने करीब 12 घंटे तक उस पर बेल्ट, रसोई गैस के रबर पाइप और बांस के डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया।
वेंटिलेटर के रास्ते भागकर बचाई जान, 3 पर FIR
पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपी उसकी हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में ठिकाने लगाने की बात कर रहे थे। देर रात जब तीनों आरोपी सो गए, तब लक्ष्मण ने साहस जुटाया और कमरे के वेंटिलेटर के रास्ते बाहर निकलकर भागने में कामयाब रहा। इसके बाद उसने सीधे रातू थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई।
लक्ष्मण गोप की लिखित शिकायत के आधार पर रातू पुलिस ने शत्रुधन सिंह, उसके भगिना छोटू सिंह और प्रकाश गिरी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।




