रांची : छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सभी छठ घाटों और तालाबों की साफ-सफाई कराई जा रही है। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
गहरे पानी वाले घाटों पर लगाए जाएंगे लाल फीते
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि जिन तालाबों और घाटों में पानी अधिक गहरा है, वहां लाल फीते लगाकर खतरे वाले स्थानों को चिह्नित किया जाए। इसके अलावा लोगों को सावधान करने के लिए सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
घाटों के आसपास खराब लाइट की होगी मरम्मत
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए घाटों और आसपास की खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराई जाएगी। इसके साथ ही घाटों के आसपास नियमित सफाई करने का भी निर्देश दिया गया है।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी काम समय पर पूरा करने को कहा है। नगर निगम की टीम लगातार सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। निगम का प्रयास है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा और सुरक्षित माहौल मिल सके।



