रांची : अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बुधवार को रांची में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। रांची महानगर कांग्रेस और चुटिया प्रखंड कांग्रेस समिति के कार्यकर्ता चुटिया स्थित इंदिरा गांधी चौक पर जुटे। इस दौरान उन्होंने सिक्किम के नवमनोनीत राज्यपाल दुष्यंत गौतम के इस्तीफे की मांग करते हुए उनका पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय देने की मांग उठाई। उन्होंने ‘अंकिता हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं’ जैसे नारे लगाए। साथ ही भाजपा के खिलाफ भी नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने दुष्यंत गौतम के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
विरोध प्रदर्शन में कई नेता हुए शामिल
इस मौके पर रांची महानगर कांग्रेस के उपाध्यक्ष अरुण चावला, चुटिया प्रखंड अध्यक्ष प्रशांत गौरव, उपाध्यक्ष विकास सिंह, कृष्णा सहाय, संजीव महतो, महेश राय, आदित्य मुंडा, प्रदीप कुमार, उज्जवल मिश्रा, भरत कुमार, विवेक सिंह, पीयूष सिंह, करण नायक, अमर सिंह, सत्यम और अरविंद मुंडा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



