रांची : बुंडू स्थित पीपीके कॉलेज की 7/3 एनसीसी यूनिट को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। लोक भवन में हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और विद्यार्थियों के हित में जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि कॉलेज में एनसीसी यूनिट पिछले 41 वर्षों से चल रही थी। इसके बंद होने से बुंडू, तमाड़, सिल्ली, राहे और सोनाहातू समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व और आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। ऐसे में यूनिट बंद होना उनके भविष्य के लिए नुकसानदायक है।
कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही से बंद हुई यूनिट : देवेंद्र महतो
देवेंद्र नाथ महतो ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही के कारण एनसीसी यूनिट बंद हुई है। उन्होंने राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
महतो के अनुसार, राज्यपाल ने उनकी मांग पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग और विश्वविद्यालय को पत्र लिखने का आश्वासन दिया है।
एनसीसी यूनिट शुरू होने तक जारी रहेगा आंदोलन
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। कॉलेज में एनसीसी यूनिट को फिर से शुरू कराने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हित में जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी जारी रखा जाएगा। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद था।
Read more : आपदा प्रभावित 38 जिलों में रोजगार का रास्ता साफ, मंत्री श्रवण कुमार का ऐलान




