Ranchi: जिले के सिल्ली (मुरी ओपी) क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मारदू गांव निवासी 23 वर्षीय भागवत महतो उर्फ भगवान दास महतो (पिता- लाल मोहन महतो) के रूप में हुई है।
घर से निकली थी, जंगल में मिला शव
घटना 18 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे की है। पीड़िता अपने परिजनों से ‘पांच मिनट में आती हूँ’ कहकर निकली थी, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो व्यथित पिता ने शाम करीब 7:30 बजे मुरी ओपी पहुंचकर सूचना दी। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सिल्ली (मुरी ओपी) में कांड संख्या 66/2026 दर्ज कर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
SIT का गठन और वैज्ञानिक साक्ष्यों से पर्दाफाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रांची के निर्देश और ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन में सिल्ली डीएसपी मनीषचन्द्र लाल के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने 18 अक्टूबर की रात 9:35 बजे मारदू गांव के छापड़गड़ा स्थित घने जंगल-झाड़ियों से मृतका का शव बरामद किया।
घटनास्थल पर तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल मोबाइल वैन और स्निफर डॉग टीम को लगाया गया। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने भागवत महतो को हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, फोन और कपड़े बरामद
सख्ती से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने खुलासा किया कि उसने फोन कर किशोरी को बुलाया था। जब उसका छोटा भाई भी साथ आ गया, तो आरोपी ने उसके सिर पर पत्थर मारकर उसे घायल कर दिया और किशोरी के साथ दुष्कर्म कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन, चप्पल, कपड़े तथा आरोपी का मोबाइल व कपड़े जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में रांची स्थित अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया है।





